कांटी विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार व अफसरशाही हावी है। आम जनता के साथ नाइंसाफी हो रही है। इसमें सुधार को लेकर राजद सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा। नवनिर्वाचित विधायक इसराइल मंसूरी ने प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित आभार सह जनसंवाद यात्रा के दौरान ये बातें कही। विधायक ने कहा कि पंचायतवार सड़क,पेंशन, राशन कार्ड समेत अन्य समस्याओं की सूची बनाकर उनके समाधान के लिए प्रखंड से प्रदेश स्तर तक कार्य होगा। विधायक ने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि प्रखंड मुख्यालय में विकास कार्य की समीक्षा भी जाएगी व लापरवाह पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने वाले पदाधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध राजद बिगुल फूंकेगा। जनसंवाद कार्यक्रम में जनसमस्याओं से संबंधित 100 से अधिक आवेदन विधायक को सौंपे गए। अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सुरेन्द्र राय व संचालन नंदू कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में पूर्व विधान पार्षद गणेश भारती, कांग्रेस अध्यक्ष कौशल किशोर चौधरी,महेश चौधरी,रवि यादव,रघुनाथ पासवान,मंगल यादव,जनार्दन ठाकुर, बाली सहनी,श्रीनारायण यादव, जगदेव पासवान, शम्भू राम, अजय राय,गणेश पासवान,प्रमोद राम भी थे।