इलाके में लगातार हो रही बरसात से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सबसे ज्यादा जल जमाव कोल्हुआ पैगम्बरपुर व दामोदरपुर पंचायत में है। कोल्हुआ के गांधी नगर, बसंत बिहार,सत्संग नगर,बजरंग विहार,अशोक बिहार,बैरिया महतो टोला,अयाची ग्राम,बैरिया श्रीवास्तव टोला,आदर्श ग्राम समेत वार्ड छह, आठ,नौ में हजारों की आबादी जल जमाव से त्रस्त है। मुखिया गीता देवी ने बताया कि डीएम से जल निकासी के लिए कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। कांटी नगर पंचायत के कई वार्डों में जल जमाव हो गया है। सफाई एजेंसी की शिथिलता के कारण अधिकतर नाले जाम हैं। नगर पंचायत अंतर्गत पीएचसी परिसर में लगभग दो फीट पानी भरा हुआ है। जिससे चिकित्सको, स्वास्थ्यकर्मियों व मरीजों को मुश्किल हो रही है। वार्ड तीन,चार,सात,आठ,12 समेत अन्य वार्डों में कई घरों में पानी घुस गया है। जिससे लोग परेशान हैं। कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णभूषण कुमार ने बताया कि जल निकासी का कार्य लगातार कराया जा रहा है।