कांटी (मुजफ्फरपुर)।जंगली जानवर के आतंक के मुद्दे पर आर- पार की लड़ाई लड़ेंगे जिला के किसान। इस मुद्दे पर बुधवार को भेड़ियाही सलोना मध्य विद्यालय के मैदान में आयोजित महापंचायत में किसानों ने यह निर्णय लिया। किसानों ने कहा कि घुट घुट के जीने के बजाय अब हम लड़कर ही इस मुद्दे का कराएंगे निदान। महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जिले के किसान पूरी तरह जंगली जानवरों के आतंक के सामने मजबूर हो गए हैं। जानवरों के द्वारा की जा रही बर्बादी से उनके समक्ष रोटी एक अहम मुद्दा बन गया है। किसान कर्ज़ लेकर खेती करते हैं लेकिन कभी प्रकृति आपदा, तो कभी जंगली जानवर का आतंक उन्हें बर्बाद कर देता है। उन्होंने 20 दिसंबर को होने वाले किसान प्रदर्शन में लोगों से अपने कृषि उपकरण के साथ बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। महापंचायत की अध्यक्षता किसान नेता पूर्व मुखिया दीप नारायण सिंह ने की। मौके पर राजनंदन शर्मा, ज्ञान कौशिक, विनोद सिंह, प्रमोद सिंह, पुनीत महतो,नंदन कौशिक, विश्वनाथ प्रताप, गोलू कुमार सिंह, सोनू महतो, सरोज पांडे, देवेंद्र तिवारी, पप्पू तिवारी, लक्ष्मण पंडित, नरेश शाह, सुनील शाह, मुन्ना पांडे भी थे।