ट्रेंड तीस शिक्षकों का किया गया ऐच्छिक तबादला बिहारशरीफ 3जुलाई (हि.सं)। जिला राजकीयकृत प्राथमिक शिक्षक स्थानांतरण समिति की बैठक में नियमित व 34540 कोटि के नियुक्त शिक्षकों का ऐच्छिक तबादला कर दिया गया है। जिले के 30 शिक्षकों का तबादला किया गया है। विभाग के द्वारा जारी सूची में 5 शिक्षकों का स्थानांतरण जुलाई माह के सेवानिवृत होने वाले शिक्षकों के रिक्त पद पर स्थानांतरण की गयी है। इन शिक्षकों को जुलाई माह के बाद स्थानांतरित विद्यालय योगदान देना होगा। इस ऐच्छिक स्थानांतरण में कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी केशव प्रसाद ने बताया कि सभी मैट्रिक प्रशिक्षित शिक्षकों का स्थानांतरण नियमावली के आलोक में ऐच्छिक स्थानांतरण किया गया है। सभी स्थानांतरित शिक्षकों को पत्र निर्गत करने की तिथि से एक सप्ताह के अंदर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। ऐच्छिक स्थानांतरण के बाद ज्वाइनिंग की रिपोर्ट से विभागीय अधिकारियों के अवगत कराना होगा।
