जिला पुलिस ने नगर थाना अंतर्गत जियनबीघा गांव में 28 मई के गोलीबारी की घटना को लेकर गांव के 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस द्वारा घटना के दिन ही भारतीय दंड विधान की धारा 147, 148, 149 ,323 ,337 ,307 353 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि बिजली के नंगे तार से भैंस को करंट लगने से हुए विवाद में दो समाज के पक्षों द्वारा गोली फायरिंग एवं हाथ में लाठी डंडा एवं रड तथा ईट पत्थर से एक दूसरे पर हमला करने की घटना की गई थी। जिस संबंध में गांव के दशरथ पासवान, कृष्ण पासवान, अरविंद कुमार ,सुरेश प्रसाद ,सर्वेश कुमार, धुरी पासवान, सिकंदर पासवान, शिवनंदन पासवान, विनोद पासवान ,पंकज पासवान ,सकजीवन पासवान ,उमेश पासवान, दामोदर प्रसाद, राकेश कुमार ,गौतम कुमार ,विद्यासागर, बाल्मीकि प्रसाद और उदय कुमार को गिरफ्तार किया गया है सभी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है । इस बीच बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गिरफ्तारी के दौरान रात में महिलाओं के साथ गांव में पुलिस बल पर बदसलूकी का आरोप लगाया है ।इसे लेकर महिलाओं का एक समूह सोमवार को समाहरणालय पहुंचकर डीएम और एसपी से इस मामले में पुलिस की शिकायत की। हालांकि पुलिस ने इस प्रकार के किसी भी ज्यादती से इनकार किया है। बताया गया कि 2 दिन पहले इस घटना में पुलिस को शांति स्थापित करने को लेकर भारी मशक्कत करना पड़ा था। पुलिस ने गांव में दंगा रोधी पुलिस और वज्र वाहन भेजकर स्थिति पर काबू पाया था।