युक्रेन बाॅर्डर पर नालंदा के 28 छात्र फंसे बिहारशरीफ 3 मार्च (हि.स.)|नालंदा के 28 छात्र अब भी यूक्रेन बॉर्डर के पास फंसे हुए हैं। हालांकि, गुरुवार की सुबह वहां के स्थानीय अधिकारियों ने रह रहे छात्रों व अन्य भारतीयों का निबंधन किया है। इससे वहां के छात्रों को जल्द अपने वतन लौटने की उम्मीदें जगी हैं। परिजन भी वहां फंसे छात्रों के साथ लगातार संपर्क में हैं। यूक्रेन बोर्डर के पास रोमानिया के सिरेप बॉर्डर में रह रहे चंद्रमणि ने बताया कि बिहार व केंद्र सरकारों की मदद से कैंप में लगातार स्थानीय अधिकारी लोगों की खोज खबर ले रहे हैं। भोजन व पानी का भी प्रबंध बेहतर है। हालांकि, यहां साउथ इंडियन डिश दी जा रही है। अन्य व्यवस्था भी दुरुस्त है। तीसरे दिन लौटने की उम्मीदें हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय अधिकारियों ने भारत सरकार द्वारा हवाई जहाज बढ़ाए जाने की बात कही है। इस कारण दो दिनों में भी बिहारी छात्र अपने वतन लौट सकते हैं। हिन्दुस्थान समाचार /प्रमोद
