यूरिया नहीं मिलने से किसानों में हाहाकार मचा है। गेहूं का पटवन करने के बाद किसान यूरिया के लिए मोहनियां, सासाराम के अलावा यूपी के चंदौली शहर तक चले जा रहे हैं। हालांकि वाराणसी से यूरिया लाने में किसानों को प्रति बोरी एक सौ रुपए अधिक खर्च करने पड़ रहा है। लाचारी में किसान यूपी से यूरिया लाकर खेतों में डाल रहे हैं। किसान भोला सिंह, जग मोहन सिंह, पारस गुप्ता, व विरेन्द्र यादव ने बताया कि यूरिया नहीं मिल रहा है। इसके पहले डीएपी नहीं मिल रहा था। हमें समझ में नहीं आ रहा है कि सरकार व जिला प्रशासन हम किसानों को खेती के लिए जरूरी खाद व बीज उपलब्ध क्यों नहीं करा रहा है। हमारा धान भी सरकारी एजेंसी से क्रय नहीं किया जा रहा है। दूसरी तरफ सरकार खुद को किसानों की हितैषी भी बता रही है। किसानों ने कहा कि इफको का ई बाजार हो या विस्कोमान या फिर किसी सरकारी फर्टिलाइजर की दुकान में भी यूरिया उपलब्ध नहीं है।
