पहले दिन की परीक्षा में शामिल हुए 646 छात्र जिला मुख्यालय के तीन केंद्रों पर बुधवार से बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तरीय प्रथम परीक्षा प्रारंभ हुई। जिसमें 646 परीक्षार्थी शामिल हुए। पहले दिन पहली पाली में विज्ञान व भौतिक तथा दूसरी पाली में योग व शारीरिक शिक्षा एवं गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। 9 सितंबर तक होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने को ले सभी दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीईओ संजीव कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय के रमा जैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय धर्मशाला रोड, श्री शंकर इंटर स्तरीय विद्यालय और शेर शाह सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय में बुधवार से बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तरीय प्रथम परीक्षा प्रारंभ हुई, जो नौ सितंबर तक चलेगी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले दंड अधिकारियों को अपने केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। पहले दिन की परीक्षा में 734 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिसमें से 646 उपस्थित हुए 86 अनुपस्थित रहे। कोविड-19 गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए परीक्षा का आयोजन करने का निर्देश केंद्र अधीक्षकों को दिया गया है। विधि व्यवस्था और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन को ले प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्र के पास निषेधाज्ञा लागू की गई है।
