राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार को देखते हुए राज्य सरकार ने अनलॉक-3 में छूट का दायरा बढ़ा दिया है. इसकी अवधि 23 जून से छह जुलाई तक होगी. इस बार सभी पार्क और उद्यान को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक के लिए खोल दिया गया है. हालांकि, स्कूल-कॉलेज, धार्मिक स्थल, मॉल, सिनेमा हॉल, जिम, स्टेडियम, स्वीमिंग पुल पहले की तरह ही बंद रहेंगे.वहीं, आवश्यक सामाग्री की दुकानें और सब्जी-फल, मांस-मछली के बाजार या मंडी अब सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक खुलेगी. पहले ये दुकानें और बाजार शाम छह बजे तक ही खुलते थे. जबकि अन्य दुकानें और प्रतिष्ठान एक दिन बीच कर सुबह छह से शाम सात बजे तक खुलेंगी. किस दिन कौन सी दुकानें खुलेंगी, इसका निर्धारण जिला प्रशासन करेगा. इसके अलावा सभी सरकारी और निजी कार्यालय अब 100% उपस्थिति के साथ शाम पांच बजे तक खुलेंगे. रात्रि कर्फ्यू अब रात आठ बजे के बजाय रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा.
