आंखों में आंसू लिए किसानों का प्रदर्शन दीपनगर थाना अंतर्गत गोलापुर हवाई अड्‌डा में गुरुवार को आधा दर्जन गांव के महिला-पुरुष किसानों ने आंसू बहाते हुए प्रदर्शन किया। किसान हवाई अड्डा के विस्तारीकरण का विरोध कर रहे थे। आंदोलन में गोलापुर, बियावानी, मघड़ा, बेलदारी, गोविंदपुर, मकनपुर व दाउदपुर के किसान शामिल थे।किसानों ने बताया कि कुछ दिन पहले कुछ लोग क्षेत्र का सर्वे करने आए थे। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा के विस्तार के लिए सर्वे किया जा रहा है। लगभग 70 एकड़ जमीन और चाहिए। जबकि, मौजूदा समय में 35 एकड़ हवाई अड्डा परिसर है। महिलाओं ने बताया कि वे लोग छोटे किसान है। भूमि अधिग्रहण से वे लोग दाने-दाने को मोहताज हो जायेंगे।इधर, जिला प्रशासन की मानें तो इस क्षेत्र में जमीन अधिग्रहण संबंधित कोई प्रस्ताव नहीं आया है। कुछ दिन पहले बिहार सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग के कुछ अधिकारी उन मौजों में पहले से अधिग्रहित भूमि का निरीक्षण करने गए थे। हिन्दुस्थान समाचार/प्रमोद पाण्डेय