भोक्ता पर्व में दिखी भक्तों की आस्था नावाडीह(बेरमो) : प्रखंड के चपरी के महादेव मंडा स्थित शिव मंदिर में आयोजित भोक्ता पर्व शनिवार की सुबह समाप्त हो गया चैत एकादशी से शुरू हुआ पांच दिवसीय भोक्ता पर्व छठे दिन भक्तों की आस्था को दर्शाने के साथ ही वैशाख प्रतिपदा को समाप्त हो गया। पहले दिन से विधि विधान से इस मौके पर व्रत रख चुके पुरुष भक्त पीठ, पैर व बाजू में लोहे के कांटे चुभोकर लकड़ी के बने बड़े खंभे पर झूले। भक्तों ने अपने गले में पहने माला को तोड़कर नीचे गिराया, जिसे उमड़ी भीड़ ने लपक लिया। ऐसी मान्यता है कि इस फूल को रखने से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। व्रत रख रहे मुद्रिका प्रसाद महतो व सीताराम महतो ने बताया कि पारंपरिक रूप से इस पर्व को मनाया जाता है। पद्मा महाराजा कामाख्या नारायण सिंह के कार्यकाल से यह त्योहार मनाया जा रहा है। मान्यता है कि यहां सभी की मन्नत पूर्ण होती है और वे इसी प्रकार पीठ पर कील लेकर भगवान को खुश करते हैं। बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड चपरी पंचायत के मुंगो, गूंजरडीह मकोली, फुसरो सारूबेडा बगडेगवा बडकीबेढ़ा सिरसा व महादेव मुंडा में इस प्रकार का व्रत रखा जाता है। मेला में दूर दराज से लोग आते हैं। पहले तो राजा के परिवार यहां पूजा संपन्न कराते थे। अब समिति बनाकर गांव के आर्थिक सहयोग से पूजा होती है। मौके पर मुद्रिका प्रसाद महतो अध्यक्ष महतो सचिव रामलाल महतो सदस्य नागेश्वर महतो भीखान महतो, त्रिभूवन महतो,भैरव महतो,मनोज सिंह,बैनी सिंह,नरायण महतो, गिरधारी महतो, सुरेन्द्र मिस्त्री राजू महतो चपरी मुखिया गौरिशंकर महतो का विशेष सहयोग रहा
