विद्यापतिनगर। भारतीय जनता पार्टी मंडल इकाई विद्मापतिनगर के द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने तथा बूथ स्तर की तैयारियां को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को प्रखंड अंतर्गत वाजिदपुर बाजार में एक समारोह आयोजित कर गांव चलो अभियान की शुरुआत की गई। समारोह की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, जिला महामंत्री प्रेम दास तथा जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल भाजपा अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने की, जबकि संचालन मंडल उपाध्यक्ष रामाधार झा ने किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि पार्टी द्वारा गांव चलो अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे पार्टी द्वारा तय किए गए बूथों पर जाकर वहां की स्थितियों का सूक्ष्म अध्ययन करेंगे तथा रात्रि विश्राम भी वहीं करेंगे। पार्टी की जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाना तथा आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है। इससे पूर्व आगत अतिथियों का स्वागत मंडल भाजपा की ओर से अंगवस्त्र देकर मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल ने किया। मौके पर अमरकांत झा, अविनाश भारद्वाज, कैलाश राय, अनिल सिंह, जितेन्द्र सिंह, नरेश महतो, शिवम् सिंह, राकेश राय के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद थे।