बिहार राज्य के समस्तीपुर जिला से मोबाइल वाणी संवाददाता रत्न शंकर जानकारी दे रहे हैं की एक ओर सरकार द्वारा जल संसाधन के बचाव एवं संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक कर रही है, ताकि जलसंकट की स्थिति से बचा जा सके, वहीं दूसरी ओर अंचल कार्यालय के दोनों ओर लगे नल-जल योजना के नल से हमेशा पानी बहता रहता है। ताज्जुब की बात यह है कि इसी कार्यालय में अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी के अलावा निकट में ही अवस्थित थाना में कई अधिकारी बैठते हैं तथा दिनभर कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आना-जाना लगा रहता है, परन्तु किसी का भी ध्यान इस ओर नहीं गया है, या फिर किसी ने इसे ठीक कराना मुनासिब नहीं समझा। आलम यह है कि जब भी पानी सप्लाई किया जाता है, नल टूटा होने के कारण पानी बहता रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई महीनों से अंचल कार्यालय के बाहर लगे दोनों नल टूटा हुआ है, जिस कारण सुबह-शाम सैकड़ों लीटर पानी यूं ही बर्बाद हो रहा है।
