विद्यापतिनगर प्रखंड के बजरंगी चौक-दलसिंहसराय मुख्य पथ पर विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन से पश्चिम गुमटी संख्या 9बी को पार करने वाली सड़क की स्थिति जर्जर बनी हुई है, जिस कारण आए दिन कोई न कोई गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो जाती हैं। शुक्रवार की सुबह भी दलसिंहसराय से विद्यापतिनगर जा रहा एक बालू लदा ट्रक सड़क पर बने गड्ढों में फंस गया, जिससे इस मार्ग पर घंटों यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे द्वारा जब से इस गुमटी का निर्माण कराया गया है, तभी से इस सड़क की स्थिति जर्जर बनी हुई है। समय-समय पर सड़क का मरम्मत कराया जाता है, परन्तु स्थिति यथावत बनी हुई है। लोगों ने बताया कि गत नवम्बर माह में इस सड़क को बनाया गया था, लेकिन केबल 9 महीनों में ही सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विदित हो कि यह सड़क सीधे अनुमंडल मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय को जोड़ती है, जिस कारण प्रतिदिन सैकड़ो वाहन इस मार्ग से होकर गुजरती है, लेकिन खराब सड़क के कारण रोजाना कई गाडियां क्षतिग्रस्त हो जाती है।खबर को सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।