विद्यापतिनगर। सावन का छठा और पुरुषोत्तम मास की चौथा सोमवारी पर प्रखंड स्थित भक्त और भगवान की नगरी विद्यापतिधाम में भक्तों का तांता लगा रहा। गलियां हो या मेन रोड सब शिवमय हो गएं। विद्यापतिधाम मंदिर में देर रात से ही श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन के लिए पहुंच चुके थे। बाबा का आशीर्वाद पाने के लिए रात से ही कांवड़यों और श्रद्धालुओं की लाइनें लग गयी थी। पूरा मंदिर परिसर भगवा रंग से पटा पड़ा था। चारों और बोल बम व हर हर महादेव के जयकारे लगते रहे। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जल अर्पण कर भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। मलमास के बावजूद भारी संख्या में शिवभक्तों का आगमन जारी है। विद्यापतिधाम आने वाले श्रद्धालु जल अर्पण के बाद जलाभिषेक की यादों को अपने साथ समेट कर ले जाने का मौका छोड़ना नहीं चाहते। इस कारण बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को सेल्फी लेते देखा गया। मंगला आरती के बाद भोर से शुरू हुआ दर्शन पूजन व जलाभिषेक का सिलसिला दिनभर जारी रहा। गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। स्नान ध्यान के बाद पुरुष महिलाओं और बच्चों ने विद्यापतिधाम मंदिर में पहुंचकर जल, दूध, बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरे के साथ भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर में देर शाम भव्य श्रृंगार व महाआरती में सैकड़ों शिव भक्त शामिल हुए।
