विद्यापतिनगर । समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस) के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा वृहस्पतिवार को प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के सेविकाओं एवं सहायिकाओं के साथ विद्यापति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊ वाजिदपुर दक्षिण के सभागार में एक बैठक की गई, इस बैठक में उपस्थित सेविकाओं, सहायिकाओं एवं पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अलका आम्रपाली ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन हर हाल में सरकार द्वारा तय मानकों के आधार पर किया जाय, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, पोषाहार एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के पास अपना भवन नहीं है, ऐसे केन्द्र का संचालन नजदीकी विद्यालय में किया जाय। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के द्वारा निजी जमीन पर भी केंद्र चलाने का प्रावधान है, इसके लिए सरकार द्वारा तय मानकों के अनुरूप अलग से मकान भाड़ा दिया जा रहा है। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अलका आम्रपाली ने कहा कि यह एक औपचारिक बैठक थी, जिसमें सेविकाओं एवं सहायिकाओं से हमने केन्द्र संचालन से संबंधित समस्याओं एवं परेशानियों के बारे में जानकारी प्राप्त की है तथा उन्हें इससे संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। इससे पूर्व डीपीओ ने समेकित बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं प्रखंड मुख्यालय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 174 का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान केंद्र पर बच्चे मौजूद थे तथा साफ-सफाई की भी अनुकूल व्यवस्था दिखी, डीपीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र पर मौजूद सेविका एवं सहायिका को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा आवश्यक निर्देश भी दिया। मौके पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वर्तिका सुमन, डीपीए मनोज कुमार,आईसीडीएस के प्रखंड समन्वयक अमित कुमार, एलएस कंचन कुमारी, राधा कुमारी, पूनम कुमारी, रेणुका कुमारी एवं चन्द्र किरण के अलावा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका मौजूद थे।
