विद्यापतिनगर। थाना क्षेत्र के सोठगामा गांव के चौर में गुरुवार को बिजली के शॉर्ट-सर्किट से आग लगने से करीब आठ किसानों की फसल जलकर खाक हो गई। करीब 10 एकड़ खेत में लगे गेहूं की फसल को क्षति हुई है। बाद में फायर ब्रिगेड व ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बताया जाता है कि सबसे पहले सोठगामा चौर के एक खेत में बिजली के शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। लोग कुछ समझ पाते कि आग ने भयानक रूप ले लिया। लपटें इतनी तेज और भयानक रूप से बढ़ रही थी कि देखते ही देखते एक बड़े क्षेत्र को अपने आगोश में ले लिया। इस दौरान मौके पर जुटे ग्रामीणों आग बुझाने का काफी प्रयास किये। बाद में हालत बेकाबू होता देख फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार साह ने बताया कि दलसिंहसराय से अग्निशमन की गाड़ी पहुंची। कर्मियों ने मैराथन प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक भोला राय, कैलाश राय, अनर्जित राय, रामविलास राय, बैजू साह, सागर साह, महेश साह आदि के खेतों में लगा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जिसकी सूचना अंचलाधिकारी को दे दी गई हैं।मौके पर आग बुझाने पहुंचे अग्निशमन की गाड़ी और कर्मियों के साथ ग्रामीण छब्बू राय, मो.अजहर हुसैन, मो. सोहैल, जीवछ राम, सुशील शर्मा, मुकेश राय आदि के प्रयास से लगभग 200 एकड़ में लगे गेहूं की फसल को बचा लिया गया। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।विस्तार पूर्वक जानकारी के लिए क्लिक करें ऑडियो पर और सुनें पूरी खबर।
