विद्यापतिनगर। परिवार नियोजन दिवस पर मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विद्यापतिनगर में परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों को परिवार नियोजन की जानकारी देने के साथ महिलाओं का बंध्याकरण के लिए रजिस्ट्रेशन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने किया। शिविर में महिलाओं एवं पुरुषों के बीच परिवार नियोजन के अस्थाई तरीके से संबंधित सामग्री मसलन निरोध, माला एन, छाया, अंतरा, कापर-टी आदि का वितरण किया गया। वही एएनएम सुशीला कुमारी ने बताया कि परिवार नियोजन को लेकर लोगों को काफी सजग रहने की आवश्यकता है। दो बच्चों के बीच कम से कम तीन साल का अंतर अवश्य होना चाहिए। ग्रामीण इलाकों में देखा जाता है कि कम उम्र में लड़कियों की शादी कर देने के बाद वह कम उम्र में ही गर्भावस्था को धारण कर लेती है जो उनके शारीरिक विकास में बाधक बनती है। ऐसे में काफी आवश्यक है कि एक सही उम्र में ही महिलाओं को गर्भधारण करना चाहिए। वही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि जनसंख्या नियंत्रण को लेकर परिवार कल्याण विभाग द्वारा कई सारी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसमें बंध्याकरण काफी महत्वपूर्ण है। लोगों को जागरूक होना होगा और परिवार कल्याण के तौर-तरीकों को इस्तेमाल में लाना होगा। इससे न सिर्फ समाज, बल्कि पारिवारिक रूप से भी उनका विकास समृद्धशाली तरीके से किया जा सकता है। इस मौके पर डॉ. मृदुल कुमार झा, बीसीएम वीणा कुमारी, मो.रियाज, चंदन कुमार, सहित आशा एवं सेविका तथा एएनएम मौजूद थी।