विद्यापतिनगर। प्रखंड में टीबी रोगियों की संख्या बढ़ रही है। आए दिन लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। विभाग द्वारा खोजी अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। टीबी उन्मूलन के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है। खोजी अभियान का नतीजा है, कि एक-एक मरीजों को चिन्हित कर उनका इलाज किया जा रहा है। बताया जाता है,कि शुरू में यह बीमारी बूढ़ों में होती थी, लेकिन अब हर आदमी इसकी गिरफ्त में आ रहा है। संपन्न घरों के बच्चे व युवा भी इसके शिकार हो रहे है। टीबी के कुल रोगियों में अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र के लोग शामिल है। एक माह में बीस के करीब टीबी मरीजों को चिन्हित किया गया है। हालांकि इसकी रोकथाम के लिए विभाग द्वारा लगातार जागरूकता खोजी अभियान चलाया जाता है। जागरूकता अभियान के तहत जहां लोगों से बचाव की जानकारी शेयर की जाती है। वही खोजी अभियान के दौरान टीबी के मरीजों को चिन्हित कर इलाज की व्यवस्था की जाती है। जांच के बाद चिन्हित मरीजों को निशुल्क दवा दी जाती है। उक्त दवा को विभाग द्वारा घर पर ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं टीबी के मरीजों को प्रतिमाह 500 रुपये हर माह भुगतान किया जाता है। एमडीआर के मरीजों को समस्तीपुर भेज कर उनका समुचित इलाज कराया जाता है।
