सादगी समरसता पवित्रता के प्रतीक छठ महापर्व को लेकर प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों की साफ सफाई का अभियान तेज कर दिया गया है। महापर्व को लेकर व्रतियों और युवाओं का उत्साह चरम पर है। नहाए खाए के साथ छठ महापर्व का अनुष्ठान शुरू हो गया हैं। इसे देखते हुए छठ घाट जाने वाले राह एवं घाटों की साफ सफाई का अभियान जोर पकड़ लिया है। सजावट तथा लाइटिंग को लेकर टोली बंटे युवा श्रद्धालु पर्व को यादगार बनाने में दिन रात लगे हैं। विद्यापतिनगर गांव में चौक से लेकर शिवगंगा छठ तालाब तक आधा किलोमीटर छठ घाट जाने के रास्ते को पूरी तरह साफ किया गया। साथ ही साउंड एवं लाइट लगाने का कार्य तेज कर दिया गया है। समाजसेवी राजेश कुमार गिरि ने बताया कि नहाए खाए के साथ ही गांव के लोग पूरी तरह आस्था पवित्रता एवं सादगी समरसता के प्रतीक छठ महा पर्व के अनुष्ठान में जुट जाते हैं। युवा श्रद्धालु द्वारा घाट जाने वाले राह में लाइटिंग तथा साउंड का व्यापक व्यवस्था किया गया है। क्षेत्र वासी 72 घंटे तक आस्था के सरोवर में डुबकी लगाते रहेंगे। जिसे लेकर सजावट में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है।