समस्तीपुर में अब 15 से 18 आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों का सेकेंड डोज का टीकाकरण शुरु कर दिया गया है। कोवैक्सीन डोज होने के कारण किशोरों को फर्स्ट डोज के मात्र 28 दिनों के बाद ही सेकेंड डोज का टीका लगाना है। इसको लेकर समस्तीपुर में सेकेंड डोज का टीकाकरण भी शुरु कर दिया गया है। इसको लेकर ग्रामीण क्षेत्र के कई स्कूलों में भी केंद्र बनाया गया है, ताकि वहां पर छात्रों को बुलवाकर सेकेंड डोज का टीका दिया जा सके। डीआईओ डॉ. सतीश कुमार सिंहा ने बताया कि जिले में किशोरों को सेकेंड डोज टीकाकरण शुरु कर दिया गया है। कोवैक्सीन डोज लेने के कारण सेकेंड डोज 28वें दिन के बाद से ही दिया जाता है। इस लिए सेकेंड डोज को भी शुरु कर दिया गया है।बतादें कि जिले में तीन लाख 26 हजार किशोरों को फर्स्ट डोज का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित है। दो फरवरी तक जिले में एक लाख 70 हजार किशोरों को फर्स्ट डोज का टीकाकरण किया जा चुका है। समस्तीपुर में निर्धारित लक्ष्य का 52 प्रतिशत टीकाकरण के तहत फर्स्ट डोज हो चुका है। वहीं तीन फरवरी तक समस्तीपुर में दो हजार किशोरों को सेकेंड डोज का टीका भी लगाया जा चुका है। मिली जानकारी के अनुसार फर्स्ट डोज के टीकाकरण में टॉप फाइव में पूसा, पटोरी, समस्तीपुर ग्रामीण, दलसिंहसराय व रोसड़ा प्रखंड है। जबकि नीचे से सबसे खराब स्थिति वाले प्रखंडों में बिथान, समस्तीपुर शहरी, विभूतिपुर, खानपुर एवं सरायरंजन प्रखंड है। जहां फर्स्ट डोज के निर्धारित लक्ष्य का 34 से 45 प्रतिशत तक ही टीकाकरण किया गया है।