जाड़े की वजह से कम लोड के बावजूद डेमो में लगा विवेक विहार मुहल्ला स्थित डॉ. रंधीर कुमार का प्रीपेड मीटर पुराने मीटर के तुलना में 6632 अधिक चला। इसी प्रकार अनीता देवी का 8173, प्रमोद कुमार का 4741, संगीता देवी का 4835, कंचन ठाकुर का 8040, विद्या राय का 1319 अधिक उठा। यह दावा बिजली सुधार संघर्ष समिति के संयोजक व माले नेता सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने किया है।उन्होंने बताया कि डेमो में लगे प्रीपेड मीटर में विभाग द्वारा छेड़छाड़ करने से उत्पन्न गतिरोध के बावजूद रविवार को विभागीय टीम एवं संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रथम चरण के मीटर डेमो पर सहमति बनाते हुए सामूहिक रिडिंग कर तीन चरणों वाले डेमो के प्रथम चरण को समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य एवं विभागीय टेक्निकल टीम के समक्ष डेमो पूर्ण होने के बाद सामूहिक रिपोर्ट जारी करने पर निर्णय लिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि डेमो के दौरान विभागीय टीम द्वारा मीटर को छेड़छाड़ करने की शिकायत के बाद अतिरिक्त डेमो का मांग डीएम से की गयी है।