एक बार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला जहां अपराधियों ने नवनिर्वाचित मुखिया को अपना निशाना बनाया है।घटना समस्तीपुर जिला के रोसरा थाना क्षेत्र के मब्बी बदिया की है। बताया जाता है मोनगर पश्चिम पंचायत के मुखिया प्रवीण महतो बुधवार की देर रात हसनपुर प्रखंड से अपने निजी वाहन से एक बैठक से वापस घर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन मोटरसाइकिल पर सात हथियारबंद बदमाशों ने नया नगर सीमा चौक से पीछा करते हुए उनके गांव के निकट पहुंच कर उन्हें गोली मार दी। गोली का निशाना चूक कर मुखिया के दाहिने पैर में लगा। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण भागकर घटनास्थल पर पहुंचा और अपराधियों का पीछा किया। ग्रामीणों की तत्परता से एक अपराधी को दबोचा लिया गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।आनन फानन में मुखिया को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।वहीं मुखिया प्रवीण महतो ने बताया कि चुनावी रंजिश के वजह से मुझ पर हमला हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रवीण महतो के घर पर लोगों की भीड़ उमर पड़ी।फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
