नगर परिषद क्षेत्र के ताजपुर बाजार में नाला निर्माण करने, रहिमाबाद वार्ड-8 में नलजल, सड़क निर्माण करने को लेकर 15 नवंबर को पानी टंकी के पास धरना देने, मोतीपुर वार्ड-10 में सड़क निर्माण को लेकर 20 नवंबर को धरना देने, बीडीओ, सीओ, विधायक, थानाध्यक्ष से प्रतिनिधिमंडल मिलने समेत अन्य कई निर्णय रविवार को नीम चौक स्थित यश्वी स्वीट्स में संपन्न भाकपा माले नगर परिषद के कार्यकर्ताओं की बैठक में लिया गया. बैठक की अध्यक्षता प्रखण्ड सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने किया. प्रभात रंजन गुप्ता, आशिफ होदा, ब्रहमदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, बासुदेव राय, शंकर सिंह, मो० एजाज, मो० अबूबकर, मो० मसीउलहक, प्रेमन पासवान, मुकेश कुमार गुप्ता समेत अन्य कई कार्यकर्ताओं ने अपने- अपने विचार व्यक्त किए. अपने अध्यक्षीय संबोधन में माले सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बाजार क्षेत्र समेत संपूर्ण नगर परिषद क्षेत्र में नाला बनाने की आवश्यकता है. कई सड़के जीर्णशीर्ण है. महंगी होने के बाबजूद बिजली की समस्या मुंह बाये खड़ी है. तमाम प्रशासनिक पदाधिकारी शिथिल पड़े हुए हैं. ऐसे उन्हें कुंभकर्णी निद्रा से जगाने हेतु बड़े संघर्ष की आवश्यकता है. माले नेता ने ताजपुर वासियों से संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाने में साथ देने की अपील की है.