डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ रमेश चन्द्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में कृषि वैज्ञानिकों के एक दल ने विश्वविद्यालय के अखिल भारतीय मशरुम अनुसंधान परियोजना के तहत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के निरीक्षण के क्रम में विसन पुर बांदे में संचालित किसान मशरुम उत्पादन व प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्वागत सम्मान की औपचारिकता के बाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में वीसी डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि रोजगार की दृष्टि से व्यापक संभावनाओं का क्षेत्र है मशरुम उत्पादन एवं विपणन। मशरुम उत्पादन व विपणन के क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए रोटरी क्लब यदि किसी प्रस्ताव पर कार्य करती है तो मुझे खुशी होगी। उन्होंने कहा कि आजीविका सृजन के लिए विश्वविद्यालय सतत प्रयत्नशील है। मशरुम परियोजना की सफलता के बाद हम अरहर के डंठल से कैलेंडर, पेन, व मोबाइल स्टैंड सहित अन्य सजावटी समान व अगरबत्ती निर्माण, मक्के के छिलके व पत्तों से थाली, कटोरी निर्माण, बांस व केले के रेसे से उपयोगी वस्तुओं के निर्माण की दिशा में तमाम संभावनाओं पर कार्य कर रहे हैं जिसके प्रारंभिक परिणाम उत्साहवर्धक रहे हैं। इस अवसर पर उपस्थित रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी एवं क्लब की प्रेसीडेंट डॉ अमृता कुमारी के सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण व प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए वीसी डॉ आरसी श्रीवास्तव ने रोजगार सृजन की दिशा में आगे आने का आह्वान किया। वहीं रोटरी क्लब ऑफ समस्तीपुर सिटी की प्रेसिडेंट डॉ अमृता कुमारी ने अपने संबोधन के दौरान बताया कि मशरुम के सफल उत्पादक सह मुख्य प्रशिक्षक रोटेरियन दीपक कुमार रोटरी इंटरनेशनल के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच बना चुके हैं। उन्होंने कुलपति को भरोसा दिलाया कि रोटरी क्लब समाज के समेकित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मशरुम उत्पादन एवं विपणन को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार सर्जक क्षेत्र के रूप में स्थापित करने में हर स्तर पर प्रयास करेंगे। इसके अलावा उन्होंने कुलपति के समक्ष बांस, अरहर एवं विभिन्न प्रकार के रेशे से सजावट व अन्य उपयोगी समान बनाने का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने में हर मुमकिन सहयोग की बात की। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन संजय कुमार राजा ने किया और आगत अतिथियों का आभार सहित धन्यवाद ज्ञापन रोटेरियन दीपक कुमार ने किया। मौके पर निदेशक अनुसंधान डॉ मिथिलेश कुमार, निदेशक मशरुम अनुसंधान निदेशालय डॉ दयाराम, रोटेरियन डॉ अभिलाषा सिंह, अमित कुमार वर्मा, संजय कुमार बबलू, मशरुम उत्पादक ब्रजेश कुमार, रीता कुमारी, नंदन पासवान, महेश्वर नायक, प्रफुल्ल कुमार, रीना कुमारी, दीपक कुमार आदि मौजूद थे।विस्तृत जानकारी के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।
