समस्तीपुर में यार्ड रिमोडलिंग को लेकर रेल अधिकारियों ने की मंथन समस्तीपुर रेल यार्ड का जल्द ही नवीनीकरण कर इसे और बढ़िया बनाया जाएगा, जिससे इधर- उधर खड़ी रेक व्यवस्थित ढंग से यार्ड के अंदर ही रहेगी और पटरी खाली रहने के कारण मुख्य जंक्शन से पहले जो ट्रेन घंटो रुकी रहती है, उस पर विराम लगेगा। इस आलोक में बुधवार को सोनपुर रेल मण्डल के डीआरएम अनिल कुमार गुप्ता के साथ समस्तीपुर रेल मण्डल से जुड़े अधिकारियों ने डीआरएम कार्यालय स्थित मंथन सभागार में मंथन किया। बुधवार को आयोजित बैठक में समस्तीपुर रेलवे यार्ड के नवीनीकरण को लेकर प्लानिंग स्टेज के साथ अन्य सभी मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी। बैठक में हाजीपुर के एसएफ़टीएम संजय कुमार एवं महेन्द्रुघाट, पटना के मुख्य अभियंता अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित थी। समस्तीपुर रेल मण्डल से एडीआरएम संतराम मीना, जफर आजम के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बताते चलें की समस्तीपुर और सोनपुर रेल मण्डल का सीमांकन ऐसे किया गया है की अगर समस्तीपुर जंक्शन को छोड़ दें, तो भोला टाकीज़ गुमटी से पहले और अटेरन चौक गुमटी के बाद सोनपुर रेल मण्डल की सीमा आ जाती है, इसलिए रेल यार्ड के नवीनीकरण को लेकर बुधवार को जो बैठक आयोजित की गयी, उसमे सोनपुर रेल मण्डल के डीआरएम अपनी पूरी टीम के साथ मुस्तैद दिखी। फोटो शीर्षक : रेल यार्ड के नवीनीकरण को लेकर बैठक करते रेल अधिकारीगण
