अपराधिक घटना को अंजाम देने के पूर्व हथियार के साथ तीन गिरफ्तार समस्तीपुर : जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय उच्च पथ- 28 स्थित बसढिया गाँव के पास से पुलिस ने हथियार के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने अपराधिक घटना को अंजाम देने में लगे एक गिरोह के तीन अपराधियों को धर दबोचा जबकि उनके तीन साथी बाइक से भागने में सफल रहे। साथ ही पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक चोरी की  बाइक एवं तीन मोबाइल को बरामद कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस संदर्भ में शनिवार को थाने पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि डाकेजनी  की घटना को अंजाम देने को लेकर अपराधियों की इकठ्ठा होने की सूचना मिली थी। जिस पर मेरे नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की गई। जिसमें वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र के यदुनंदनपुर वार्ड नंबर 6 निवासी हरिश्चंद्र सहनी के पुत्र अमरनाथ सहनी, समस्तीपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर केशवपट्टी निवासी रामजतन राउत के पुत्र बैद्यन्नाथ राउत एवं बेगूसराय जिले के बछवारा थाना क्षेत्र के गोपालपुर वार्ड नंबर 11 निवासी सोली राउत के पुत्र बिरजू राउत को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक चोरी की अपाची बाइक एवं तीन मोबाइल को बरामद किया गया है।वहीं तीन  बदमाश फरार हो गए। जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस अभियान में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र, दरोगा चंद्रभूषण कुमार, शैलेन्द्र कुमार सिंह, टाइगर मोबाइल के जवान धनंजय कुमार सिंह  एवं राजेश कुमार आदि शामिल थे।