दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित समस्तीपुर। दुर्गा पूजा को लेकर मुफस्सिल थाना परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूजा के दरमियान कोरोना हमारी को देखते हुए दूरी बना कर पूजा करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी दिवाकर कुमार ने बताया कि इस बार की परिस्थितियां अलग है। कोरोना काल चल रहा है, चुनाव भी है इसलिए शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से कोविड-19 के प्रकोप को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर दुर्गा पूजा को लेकर मूर्तियां नहीं बैठायी जाएंगी, पंडाल का निर्माण नहीं होगा, डीजे साउंड पर प्रतिबंध रहेगा, कोविड-19 और धारा-144 के तहत 5 लोगों से ज्यादा एक जगह पर एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि इस बार दिखावे वाली पूजा नहीं होगी। इस शांति समिति की बैठक में सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी प्रीतीश कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य, प्रखंड विकास पदाधिकारी समस्तीपुर अंजन दत्ता, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार चौधरी सहित कई पंचायतों के मुखिया एवं समाजसेवी शामिल थे। समस्तीपुर से मोबाइल वाणी के लिए नितेश कुमार की रिपोर्ट।