उत्तरप्रदेश राज्य के फतेहपुर में मंगलवार को वार्ड नंबर 22 ईसाई पुरवा देवीगंज पुल के नीचे सब्जी मंडी का जिलाधिकारी सी. इंदुमती ने स्थाई सब्जी मंडी का शुभारभ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडी का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी सी इंदुमती ने कहा कि यहां पर सब्जी मंडी लगने से सभी सब्जी वालों को छत मिल गई। सभी को सर्दी, गर्मी और बरसात से राहत मिलेगी। सभी अपना व्यापार अच्छे तरीके से करेंगें। किसी को कोई भी आवश्यकता महसूस हो तो निःसंकोच अपनी समस्या बता सकते हैं। समस्या का निश्चित रूप से निराकरण होगा। उन्होंने इस कार्य में अहम योगदान देने के लिए क्षेत्रीय सभासद सुनील कुमार गुप्त समाजसेवी के प्रति आभार जताया। पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने कहा कि इसी प्रकार से जनहित में सदैव ही ऐसे अच्छे कार्य हमेशा करते रहना चाहिए। ऐसे कार्य करते रहने से समाज में नई चेतना प्रकाशित होती है। जिससे हम सभी में एक सकारात्मक ऊर्जा व सोंच का संचार होता रहता है। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ला ने कहा कि यहां सब्जी मंडी लगने से निश्चित रूप से व्यापारियों के लिए बहुत बड़ा कार्य हुआ है। सब्जी मंडी लगने से सभी का व्यापार भी बढ़ेगा और यह क्षेत्र गुलजार रहेगा। उन्होंने सभासद सुनील कुमार गुप्त समाजसेवी को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। क्षेत्राधिकारी प्रगति यादव व राधानगर थानाध्यक्ष रमेश पटेल ने भी अपना सहयोग देने का आश्वासन दिया। बताते चलें कि पुल के नीचे स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण किया था। जिसको हटवाकर यहां पर स्थाई रूप से सब्जी मंडी लगवाने को लेकर स्थानीय सभासद व युवा व्यापार मंडल के जिला महामंत्री सुनील कुमार गुप्त समाजसेवी के लगातार प्रयास से सफलता प्राप्त हुई। इस मौके पर युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह यादव उर्फ सोनू, खागा व्यापार मंडल अध्यक्ष अमिताभ शुक्ल, अब्दुल हफीज हाफिज, अनुपम शुक्ल, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, प्रमोद गुप्त, दीपक साहू, जेपी सिंह फौजी, लवकुश गुप्ता, पिंटू गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, धर्म सिंह, पूती दुबे, ज्ञान पासवान, ऊषा लोधी, अखिलेश तिवारी, गिरीश सिंह चौहान, पुत्तन बाजपेई, पूतू गुप्ता, अमित, आशू सिंह, विनय सिंह, स्वयंवर सिंह, रणधीर सिंह सहित भारी संख्या में व्यापारी वर्ग उपस्थिति रहे।