बांसडीह तहसील में लेखपाल द्वारा जमीन की पैमाइश में पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगने की शिकायत पर बांसडीह पहुचीं आजमगढ़ की भ्रष्टाचार संगठन निवारण की टीम ने तहसील के एक लेखपाल एवं एक अन्य व्यक्ति को रिश्वत का पैसा लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम के प्रभारी बृजेश दिवेदी के नेतृत्व में आई टीम ने लेखपाल नवनीत खरवार व कथित सहयोगी सम्राट गोंड को कोतवाली लेकर चली गई। बताया जा रहा है कि दोनो व्यक्तियों के हाथो को केमिकल से धुलवाया गया। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी सूरज बिंद ने अपनी जमीन के पैमाइश के लिए उपजिलाधिकारी को आवेदन दिया था। जिसमे हल्के के लेखपाल नवनीत खरवार द्वारा पैमाइश के नाम पर अवैध रुपए की मांग की जा रहीं थी। पीड़ित सूरज बिंद पुत्र वीर बहादुर बिंद निवासी सुल्तानपुर के काश्तकार ने जमीन की पैमाईश के लिए पैसे की मांग करने पर आजमगढ़ स्थित एंटी करप्शन के कार्यालय पहुंच कर शिकायत की थी। इसी शिकायत पर मंगलवार की दोपहर तहसील पहुंची एंटी करप्शन की टीम ने तहसील स्थित एक कमरे से लेखपाल समेत दो व्यक्तियों को पैसे लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन की टीम प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू ने बताया कि जमीन पैमाईश के नाम पर लेखपाल नवनीत खरवार पुत्र रमेश चंद्र निवासी सवन थाना गढ़वार एवं उनके मुंशी मुन्नू कुमार प्रसाद पुत्र शंभू नारायण गोंड निवासी रामपुर कला को पैमाईश के नाम पर पांच हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।इनके विरुद्ध धारा 7/7ए, 12/13 (I) व 13 (2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा 120 बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम में निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, ब्रजेश दिवेदी, कैलाश चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, अमित सिंह पंकज कुमार, मुकेश कुमार पटेल रहे।
