क्षेत्र के समदखेड़ा स्थित राम भरोसे इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्रों का विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने शिक्षकों छात्रों को बोर्ड की परीक्षा में सफलता के टिप्स दिए।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार पटेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख पुष्प व दीप प्रज्वलित कर किया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि मन में ठान लिया जाए तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उप प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पटेल ने छात्रों को विभिन्न महापुरुषों का उदाहरण देकर उनमें उत्साह व जोश भरा। उन्होंने कहा कि बोर्ड की परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए विषयों का बार-बार रिवीजन करना आवश्यक है। रसायन विज्ञान शिक्षक अमित कुमार मौर्य ने छात्रों को कम समय में परीक्षा की तैयारी तथा अधिक अंक प्राप्त करने के विभिन्न प्रकार के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि छात्र परीक्षा हाल में अपने मस्तिष्क में किसी प्रकार का तनाव न रखें। उन्होंने कहा कि छात्र प्रश्न पत्र को दो से तीन बार अच्छे से पढ़कर ही उत्तर पुस्तिका में उसका उत्तर लिखें। विदाई समारोह में छात्र-छात्राओं ने अपने विभिन्न अनुभव भी शेयर किए। इस दौरान छात्रों की आंखें नम दिखाई दी। इस अवसर पर अखिलेश कुमार, घनश्याम सिंह, प्रियंका द्विवेदी, बबली कनौजिया, आलोक कनौजिया, मोहम्मद रिजवान सहित शिक्षक मौजूद रहे।
