बहराइच। जिले में सर्दी का सितम लगातार जारी है। सोमवार की सुबह एक बार फिर जिला घने कोहरे की चादर से ढका रहा। कोहरे के चलते सुबह के समय अधिकांश लोग घरों में कैद रहे। वहीं कोहरे का असर मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर भी पड़ा। हालांकि दोपहर बाद हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवाओं के आगे बेअसर रही। तेज हवाओं के चलते तराई का न्यूनतम तापमान दो डिग्री लुढ़क गया।तराई में कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। रविवार की सुबह-सुबह धूप निकलने से जहां लोगों ने राहत की सांस ली थी तो वहीं सोमवार की सुबह एक बार फिर घने कोहरे ने दस्तक दी। सुबह के समय कोहरे का आलम यह रहा है कि मार्गों पर दृश्यता 15 से 20 मीटर रही। जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी हुई और वाहन चालक फॉग लाइट व सफेद पट्टी के सहारे यात्रा करते देखे गए।
