बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज रात से बारिश के आसार हैं। कल तक लखनऊ में भी मौसम में परिवर्तन होगा। वहीं घने कोहरे की चेतावनी बरकरार है। यूपी के कई जिलों में कोहरे को लेकर लोगों को अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रविवार को दिन का तापमान चढ़ा, लेकिन रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई है। कई क्षेत्र तो ऐसे हैं, जहां पारा में पांच डिग्री के आसपास की गिरावट दर्ज की गई है। गलन और कोहरे से लोग अभी भी परेशान हैं। इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार रात से बुंदेलखंड व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश के आसार जताए हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आठ जनवरी की रात से प्रदेश के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है, नौ जनवरी को लखनऊ समेत मध्य उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश के आसार दिख रहे हैं।
