बहराइच। शहर में जाम की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को विभिन्न चौराहों व सड़कों पर जाम लगा रहा। सहालग के चलते रात के समय लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है, दिन में डीएम चौराहे से केडीसी तक जाम की स्थिति देखने को मिली। जाम की वजह से दर्जनों वाहन रेंगते नजर आए। रोडवेज बस अड्डे के पास से पीपल तिराहे तक रुक-रुक कर जाम लगता रहा। प्रमुख चौराहों कचहरी मार्ग, अस्पताल चौराहे आदि पर भी दिन भर जाम की स्थिति रही। जाम में फंसे राहगीर रजनीश दूबे, नागेन्द्र यादव, हिमांशु, रिजवान, शकीना आदि ने बताया कि प्रतिदिन जाम लग रहा है। कई राहगीरों ने आरोप लगाया कि यातायात टीम न तो सड़क किनारे अवैध रुप से खड़े हो रहे ई-रिक्शों को हटवा रही है और न ही सड़क की पटरियों के किनारे लगने वाले ठेलों को हटवा रही है।
