सावधान ! सुबह तक बहराइच में आ सकती है बाढ़! बैराजों से छोड़ा गया 4.23 लाख क्यूसेक पानी, घाघरा और सरयू नदी का निरंतर बढ़ रहा है जलस्तर, अधिकारियों को सर्तकता बरतने के दिये गये निर्देश नेपाल के पहाड़ों पर हो रही वर्षा के चलते बहराइच में घाघरा और सरयू नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। आधी रात तक दोनों नदियों के खतरे का निशान पार करने की संभावना है। नदियों के लाल निशांत पार होते ही बहराइच में बाढ़ की तबाही शुरू हो जाएगी। सुबह तक कभी भी बढ़ा सकती है। इस मामले में जिले के अधिकारियों ने नदी से सटे गांव के ग्रामीणों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। आपको बताते चलें कि जिले में प्रतिवर्ष घाघरा और सरयू नदियां बाढ़ से तबाही मचाती है। लगभग १५ लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित होती है। सैकड़ों गांव में पानी भर जाता है, जिंदगी दुश्वार हो जाती है। अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सागर ने बताया कि नेपाल के पहाड़ों पर निरंतर वर्षा हो रही है। नेपाल में हो रही वर्षा के कारण घाघरा व सरयू नदी का जल स्तर बहराइच में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि अधिशासी अभियन्ता, सरयू ड्रेनेज खण्ड-प्रथम, बहराइच की ओर से बताया गया है कि नेपाल में हो रही वर्षा के कारण जनपद की नदी घाघरा व सरयू का जल स्तर सायं या अर्ध रात्रि तक खतरे के निशान से ऊपर होने तथा नदी के निकटवर्ती क्षेत्रों में जल भराव होने की सम्भावना है। अपर जिलाधिकारी सागर ने बताया कि तहसील कैसरगंज, नानपारा व महसी के क्षेत्र पहले बाढ़ प्रभावित हो सकते है। इस सम्बन्ध में बाढ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित बाढ चौकियों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, इसके साथ ही बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए मेडिकल राहत कैम्प, बाढ़ शरणालय आदि पर तैनात कर्मचारियों तथा गठित मेडिकल टीमों, बाढ़ की निगरानी समितियों के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में तैनात नायब तहसीलदार, लेखपालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के प्रधानों आदि को अलर्ट कर सजग रहने के निर्देश दिए गए है। 4.23 लाख क्यूसेक पानी हो रहा डिस्चार्ज अपर जिला अधिकारी ने बताया कि जो रिपोर्ट मिली है उसके मुताबिक चौधरी चरण सिंह गिरिजापुरी बैराज, गोपिया बैराज, शारदा बैराज और बनबसा बैराज से घाघरा और सरयू नदी में मंगलवार को 4.23 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है। ऐसे में बाढ़ आने की प्रबल संभावना है। स्थापित किया गया कंट्रोल रूम अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की राउण्ड द क्लाक निगरानी करते हुए यथा स्थिति से जनपद के बाढ़ कन्ट्रोल रूम के नंबर 05252-230132 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर फोन करके वर्तमान स्थिति से अवगत कराते रहे, साथ ही बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी के साथ अलर्ट रहें।