युपी फतेहपुर,। सड़क हादसों पर कमी के लिए पुलिस विभाग हर साल नवंबर महीने को यातायात माह के रूप में मनाता है। लेकिन माह सिर्फ जुर्माना और चालान की कार्रवाई तक सीमित रह गया है। जाम से जूझते शहर के चौराहों पर रोज राहगीर हांफते रहे। एक नवंबर से शुरू यातायात माह का बुधवार को पुलिस लाइन में एसपी उदय शंकर सिंह की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में समापन हो गया। इस माह में अभियान के तहत कुल नौ हजार एक सौ 61 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। कुल एक करोड़ 10 लाख 93 हजार 100 रुपए का जुर्माना वसूला गया। समापन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र, छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। ई-चालान में टीएसआई मनोज कुमार सिंह, आरक्षी रामानंद लालजी सविता सहित कई को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, समाजसेवी अशोक तपस्वी सहित कई मौजूद रहे।