गैर संचारी रोगों की समय रहते पहचान और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए राज्य के सभी जिलों में “जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार” अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 1 सितंबर से 30 नवंबर 2028 तक संचालित होगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें समुदाय स्तर पर घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी। संदिग्ध एवं रोग से ग्रसित मरीजों को आवश्यक परामर्श, दवा तथा आगे की जांच और उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान से जोड़ा जाएगा। अभियान का मुख्य फोकस गैर संचारी रोगों की शुरुआती अवस्था में पहचान करना है। इसमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुंह, स्तन एवं गर्भाशय के मुख के कैंसर, हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज की स्क्रीनिंग की जाएगी। समय पर बीमारी की पहचान होने से उपचार शुरू करने के साथ-साथ जोखिम कारकों को कम करने और असामयिक मौतों को रोकने में मदद मिलेगी।
