मैक्लुस्कीगंज 16 जनवरी 2024 मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के हेसालौंग चितरीगढ़ा में हथियार के बल पर ट्रैक्टर की लूट. घटना सोमवार की रात लगभग बारह बजे की बताई जाती है. प्राप्त जानकारी के अनुसार हेसालौंग बहेराटांड निवासी संजय लोहरा का ट्रैक्टर हेसालौंग से अपने कार्यो को निबटाकर वापस घर लौट रहा था, इसी क्रम में उक्त थाना क्षेत्र के हेसालौंग चितरीगढ़ा के निकट झाड़ियों में छुपे अज्ञात अपराधियों ने ट्रैक्टर चालक व मजदूर को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया, चालक के साथ मारपीट की व दो अपराधी ट्रैक्टर लेकर बघमरी पिकेट के रास्ते बालूमाथ की ओर भाग गए. कुछ दूर पहुंचने के बाद बाकी के अपराधी भी चालक व मजदूर को कब्जे से मुक्त कर बाइक से उसी रास्ते से फरार हो गए. मुक्त होने के बाद घटना की सूचना ट्रैक्टर मालिक सहित अन्य को दिया गया. चालक ने बताया कि अपराधियों की संख्या चार थी, और सभी मंकी टोपी पहने हुए थे. काफी खोजबीन के पश्चात भुक्तभोगी ट्रैक्टर मालिक ने मैक्लुस्कीगंज थाना में मामला दर्ज कराया है. ज्ञात हो कि 27 दिसम्बर की रात भी मैक्लुस्कीगंज व बालूमाथ थाना के सीमांत स्थित दामोदर नदी तट से मैक्लुस्कीगंज निवासी दानिश अंसारी की महिन्द्रा ट्रैक्टर को हथियार के बल पर अपराधियों ने लूट लिया था. एक महीना के अंदर ट्रैक्टर लूट की यह दूसरी घटना है.
