राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. पंकज एल. जानी ने संस्कृत विश्वविद्यालय में नैक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पहले परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद योगसाधना केंद्र में बैठक की। उन्होंने विवि की तैयारियों को राजभवन में प्रेजेंटेशन के लिए मंजूरी दे दी। इससे पहले नैक मूल्याकंन के सभी सात क्राइटेरिया पर समन्वयक के अलावा आईक्यूएसी आदि समितियों के अध्यक्ष और सदस्यों से पूछताछ की। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि इसके पूर्व विश्वविद्यालय को नैक से 'ए' ग्रेड मिला था। इस बार इसे बेहतर करने का प्रयास है। नैक मूल्यांकन के समन्वयक प्रो. अमित कुमार शुक्ल ने बताया कि प्रस्तुति सफल होने के बाद जल्द समिति राजभवन में कुलाधिपति के सामने प्रस्तुति देगी। राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी का स्वागत कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा और कुलसचिव राकेश कुमार ने किया।