रक्सौल नगर परिषद कार्यालय के मुख्य पार्षद कक्ष में सोमवार को नगर परिषद बोर्ड की सशक्त स्थाई समिति की बैठक ईओ डॉ मनीष कुमार की उपस्थिति व मुख्य पार्षद धुरपति देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2023- 24 के लिए 83 करोड़ 45 लाख 32 हजार के बजट को अनुमोदित किया गया। जिस राशि से सम्राट अशोक भवन, पर्यावरण सुविधाएं, स्मार्ट वार्ड योजना, शहरी गरीबों के लिए मूल सुविधा, शहरी जलापूर्ति योजना, लैंड फिल साईट , मार्केट कांप्लेक्स, टाउन हॉल, पुस्तकालय, ठोस कचरा प्रोसेसिंग, तालाबों का सौंदर्यीकरण, पार्क निर्माण तथा नगर सौंदर्यीकरण आदि मद में व्यय करने का प्रावधान किया गया है। जिसे 12 अप्रैल को नगर परिषद बोर्ड की होनेवाली सामान्य बैठक में पारित किया जाएगा। वहीं उपमुख्य पार्षद सह समिति सदस्य पुष्पा देवी ने 60 पीस हाथ ठेला, 2 बभकट, 1 छोटा जेसीबी व 1 जैटिंग मशीन सहित अन्य उपस्करो की खरीदारी करने, पूर्व की बैठक में पार्षद कुंदन कुमार द्वारा पूर्व रोकडपाल मदन सिंह की असामयिक मृत्यु के उपरांत उनके पुत्र को अनुकंपा के आधार पर समायोजन करने की मांग और पार्षद पन्ना देवी द्वारा शहर में मिट्टी और बालू के ट्रैक्टर को ढककर प्रवेश कराने आदि से संबंधित प्रस्ताव को ईओ द्वारा अबतक कार्यवाही पुस्तिका में अंकित नहीं कराये जाने व मानसून पूर्व नालों की उड़ाही व सफाई कार्य सुनिश्चित कराने तथा शहर में पूर्व से पोल में लगे खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने का मुद्दा उठाया। पार्षद सह समिति सदस्य सोनू कुमार गुप्ता ने नगर परिषद में सरकार द्वारा सृजित कर्मियों के पद और उसके विरुद्ध कार्यरत कर्मियों, संविदा व दैनिक, आउट सोर्सिंग व नियमित कर्मियों के नाम , पदनाम व प्रतिमाह भुगतान की जानेवाली राशि का ब्यौरा उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। पार्षद अंतिमा देवी ने सामान्य प्रशाखा में प्रतिनियुक्त कर संग्राहकों को कार्यालय के कार्य से मुक्त कर उनके मूल कार्य कर संग्रहण में लगाने का मुद्दा उठाते हुए सागर गुप्ता सहायक को प्रधान सहायक सह लेखापाल का प्रभार देने का प्रस्ताव पारित किया गया।
