ई-रेल टिकट के दो धंधेबाज धराये रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झिटकहियां में छापेमारी कर पर्सनल यूजर आईडी पर ई रेल टिकट बनाने वाले दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। बापूधाम मोतिहारी आरपीएफ पोस्ट कमांडर पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना पर झिटकहियां स्थित एक मोबाइल दुकान में छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान दुकानदार के कम्प्यूटर व मोबाइल से पर्सनल यूजर आईडी पर निर्गत 28127 रुपये मूल्य का बारह फ्यूचर एवं पास्ट ई-टिकट बरामद हुआ। ई-टिकट बरामद होने के बाद कम्प्यूटर व मोबाइल जब्त करते हुए दुकान संचालक झिटकहियां नयका टोला निवासी लालबाबू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं शेख बाजार के दीपक मोबाइल नामक दुकान में छापेमारी कर दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल से 35321 रुपये मूल्य का दस पास्ट ई-टिकट बरामद हुआ है। पूछताछ के बाद एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार दोनों ई-टिकट धंधेबाजों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी टीम में पोस्ट कमांडर पंकज कुमार गुप्ता के साथ एएसआई बिजेंद्र सिंह, मेहीलाल, कांस्टेबल शम्भू कुमार व मयंक कुमार आदि शामिल थे। आरपीएफ छापेमारी में एक रेल ई टिकट धंधेबाज गिरफ्तार रक्सौल। रेल ई टिकट कालाबजारी की इनपुट पर रक्सौल आरपीएफ पोस्ट कमान्डर इंस्पेक्टर ऋतुराज कश्यप के नेतृत्व में गुरुवार को मैनाटांड़ बाजार वार्ड नम्बर नौ स्थित अम्बे साइबर कैफे में छापेमारी करके आरपीएफ जवानों ने एक रेल ई टिकट धंधेबाज को गिरफ्तार किया।इसकी पुष्टि इंस्पेक्टर श्री कश्यप ने की। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में केस दर्ज कर गिरफ्तार धंधेबाज को बेतिया न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया व बरामद सामान जब्त कर लिया गया है।यह छापेमारी गुप्त सूचना पर की गई। सूचना के बाद आरपीएफ सक्रिय हुई व घटनास्थल पर पहुंच दुकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। इस दौरान दुकान में मौजूद दुकानदार मंजीत कुमार को कब्जा में लिया।उन्होंने बताया कि जांच में तीन पर्सनल यूजर आईडी, तीन ईमेल आईडी सहित पूर्व में काटे गये कुल पैंसठ अदद रेलवे ई टिकट बिक्री का साक्ष्य प्राप्त हुआ है । छापेमारी में रेलवे ई टिकट काटने वाले कंप्यूटर सहित अन्य उपकरण को जब्त किया गया।