चकिया थाना क्षेत्र के मधुबन रोड सहित रेलवे रैक प्वाइंट पर अवैध बालू भंडारण, परिवहन तथा विक्रय को लेकर गुरुवार प्रशासन द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। जिला खनन पदाधिकारी रागिनी कुमारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी शंभू शरण पांडे, सहायक पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस, अंचलाधिकारी हेमंत कुमार झा, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सहित भारी संख्या में सशस्त्रत्त् बल मौजूद रहे। छापेमारी अभियान में 19 ट्रक व एक जेसीबी को जब्त कर लिया गया। विभाग ने जब्त वाहन चालकों तथा वाहन मालिकों पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।जिला खनन पदाधिकारी रागिनी कुमारी ने बताया कि जब्त वाहनों के चालकों तथा वाहन मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। इसके अतिरिक्त अवैध बालू भंडारण के आरोप में भी सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।अवैध जब्त वाहनों को स्थानीय थाना परिसर में रखा गया है।