चंडी माई स्थान के समीप 24 मार्च को डिलिवरी बॉय को चाकू मारकर लूटपाट मामले में फरार आरोपित नकछेद टोला का मोहम्मद आमीर अंसारी ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसमें 28 मार्च को चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था। लूट की बाइक, मोबाइल व घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। घटना में शामिल बदमाश नकछेद टोला के थे। फरार दो बदमाशों पर पुलिस दबिश बढ़ी तो एक ने सरेंडर किया। दूसरे की खोज जारी है। पूर्व में नकछेद टोला के अजमत खान उर्फ थारू, तस्लीम शेख, अफसर आलम व विक्रम कुमार को गिरफ्तार किया गया था। 24 मार्च को हुई थी लूट 24 मार्च को जियो मार्ट के डिलेवरी बॉय छपरा के सहजितपुर थाना के नसीबा निवासी सत्येन्द्र राय व सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के रिखवली निवासी कमलेश कुमार छतौनी से सामान की डिलीवरी कर रूम वापस लौट रहे थे। रास्ते मे चंडी माई स्थान के समीप बाइक सवार अपराधियों ने इनकी बाइक रोक कर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर कमलेश को चाकू मार बाइक, सात हजार रुपये व मोबाइल लूट कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कमलेश की 28 मार्च को इलाज के दौरान मौत हो गयी।