संग्रामपुर प्रखंड के बरवां पंचायत स्थित श्यामपुर उच्च विद्यालय के परिसर में टेन प्लस टू के भवन निर्माण में मानक विहीन सामग्रियों को लगाने के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को स्थल पर जाकर काम को रोका व विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के द्वारा काम रोके जाने के बाद सूचना पर पहुंचे जेई मोहित कुमार को लोगों ने गड़बड़ियों से अवगत कराया। जिसके बाद जेई ने कार्य के मानकों के बारे में विस्तार से बताया। हालांकि ग्रामीण उनके तर्कों से संतुष्ट नहीं थे। ग्रामीण शैलेंद्र ठाकुर, अमरेश राम आदि का कहना था कि छत का भवन निर्माण है और उसके आधार में ही काम कमजोर होगा तो यहां के पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। कभी भी बिल्डिंग को कोई नुकसान हुआ तो जो भी बच्चे इसमें उस समय पढ़ रहे होंगे दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। लोगों ने कहा कि सीमेंट की क्वालिटी कमजोर है जबकि छड़ भी मानक के अनुरूप मालूम नहीं पड़ रहा है। बाद में आश्वासन दिया कि सीमेंट को बदलवा दिया जाएगा। जेई मोहित का कहना था कि काम में जो भी सामग्री लग रही है उसकी जांच कर कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार सिंह व अन्य विभागीय पदाधिकारी ग्रीन सिग्नल दे चुके हैं। उनके अधिकार क्षेत्र में जो है वह करा रहे हैं। जेई मोहित ने बताया कि विद्यालय के भवन निर्माण में एक करोड़ 13 लाख का प्राक्कलन पारित हुआ है । इसके बाद भी कार्य की गुणवत्ता को बरकरार रखा गया है। इसमें 12 एमएम का छड़ 53 ग्रेड का सीमेंट सहित अन्य सामग्री मानक के अनुसार लगाया जा रहा है। इस पर ग्रामीण भड़क गए और कहा कि काम के समय कोई अधिकारी यहां रहते नहीं हैं और मानक के अनुसार काम होने का दावा करते हैं।