हत्या के प्रयास के अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई पुलिसकर्मियों पर घरवालों ने टांगी से हमला कर दिया। इसमें थानाध्यक्ष सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना केसरिया थाना क्षेत्र के खोरा गांव की है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात में खोरा गांव के अजय सिंह व सम्राट सिंह पिता-पुत्र को गिरफ्तार करने केसरिया पुलिस पहुंची थी। गिरफ्तार करने के लिए पुलिस घर में गई। इसी क्रम में घरवालों ने पुलिस पर कुल्हाड़ी व टांगी से हमला कर दिया। हमले में थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह, पुलिस सब इंस्पेक्टर राम शरण साह, सब इंस्पेक्टर बिरसा उरांव, पुलिस बल मोतिहारी का सिपाही मुकेश कुमार व चौकीदार परितोष सिंह घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सिपाही मुकेश कुमार के सिर में चोट लगी है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले में थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अजय सिंह व सम्राट सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पर हमला करने में तीन लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। इसमें अजय सिंह की मां मीना देवी भी शामिल है। घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व टांगी को जब्त कर लिया गया है। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थानाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद सिंह ने बताया कि कांड के अभियुक्त को गिरफ्तार करने पुलिस टीम गई थी। इसी क्रम में अजय सिंह, सम्राट सिंह व अजय सिंह की पत्नी ने पुलिस पर हमला कर दिया।