चंपारण रंग एवं लघु फिल्मोत्सव कार्यक्रम के तीसरे दिन भिखारी ठाकुर द्वारा लिखित व मनोज कुमार सिंह द्वारा निर्देशित नाटक गंगा स्नान का सफल मंचन हुआ। वहीं तीन लघु फिल्म का प्रदर्शन हुआ। कार्यक्रम का समापन फूलों की होली से किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो.अरुण कुमार मिश्र व स्वागत भाषण अनिल वर्मा ने किया। वहीं, दूसरे चंपारण रंग एवं लघु फिल्मोत्सव के दूसरे दिन देश भर से विभिन्न भाषाओं की चयनित 23 फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई। वहीं शाम के सत्र में नाट्य एवं कलाकर्मी राजकुमार द्वारा परिकल्पित एवं अभिनीत लघु नाटिका ‘फौजी’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। उसके बाद वरीय रंगकर्मी एवं इजेडसीसी के सदस्य प्रसाद रत्नेश्वर द्वारा परिकल्पित एवं अभिनीत एकल नाटक ‘विदाउट स्क्रिप्ट’ का प्रदर्शन हुआ। इस नाटक का विधिवत कोई स्क्रिप्ट नहीं था। नाटक इम्प्रोवाइजेशन के माध्यम से अपनी यात्रा तय किया। तीसरी और अंतिम प्रस्तुति आशीर्वाद रंगमंडल बेगूसराय की श्रवण गोस्वामी लिखित एवं अमित रौशन द्वारा निर्देशित फुललेंथ नाटक ‘कठकरेज’ का भावपूर्ण मंचन हुआ जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। नाटक में आधुनिकता की अंधी दौड़ और दरकते संबंधों का जीवंत चित्रण किया गया है। जबकि आयोजन के प्रथम दिन भी मंच से हुई एक से बढ़कर एक कई यादगार प्रस्तुतियों ने जिले के कला प्रेमियों को खूब प्रभावित किया ।