एमएस कॉलेज जल्द ही नई तकनीक से लैस हो जाएगा। ब्रावो फाउंडेशन की ओर से एमएस कॉलेज में बन रही ई-लाइब्रेरी का कार्य लगभग-लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही इसका उद्घाटन होगा। लैब में 20 कंप्यूटर लगाए गए हैं, जो उच्चस्तरीय व काफी फास्ट हैं। अब ई-लाइब्रेरी के माध्यम से कॉलेज के विद्यार्थी अपने कैरियर को दिशा प्रदान कर सकेंगे। ई-लाइब्रेरी की स्थापना से विद्यार्थियों में खुशी की लहर है। उनका मानना है कि इससे पढ़ाई करना आसान हो जाएगा। ब्रावो फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक सह ब्रावो फार्मा के निदेशक राकेश पांडेय ने बताया कि पूर्वी चंपारण में उच्च शिक्षा का बेहतर माहौल तैयार करने की कोशिश चल रही है। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा व संसाधन मुहैया कराए जाए, इस कड़ी में एमएस कॉलेज परिसर में ई-लाइब्रेरी की स्थापना की जा रही। इसके जरिए विद्यार्थी अपने कैरियर को दिशा प्रदान कर सकेंगे। विद्यार्थी इंटरनेट पर मैग्जीन, पुस्तकें व इमेज आसानी से देख पाएंगे। उन्होंने बताया कि जल्द यह व्यवस्था विद्यार्थियों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। ई-लाइब्रेरी विद्यार्थी व शिक्षकों के लिए बहुत ही उपयोगी साबित होगा।