बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस को रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन सांसद राधामोहन सिंह ने बापूधाम मोतिहारी स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर प्रयागराज के लिए रवाना किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि तीर्थराज प्रयाग देश-विदेश से लोग आते हैं, मगर प्रयागराज जाने के लिए मोतिहारी से कोई ट्रेन नहीं थी। रेलवे बोर्ड से बातचीत के बाद मुजफ्फरपुर से बनारस जाने वाली बनारस एक्सप्रेस को प्रयागराज तक परिचालन की अनुमति मिलने के बाद बुधवार से यह ट्रेन अब प्रयागराज रामबाग स्टेशन तक जायेगी। इस दौरान उन्होंने ट्रेन से यात्रा कर रहे यात्रियों को फूलमाला पहनाकर व लड्डू खिलाकर स्वागत किया। सांसद ने कहा कि बनारस एक्सप्रेस का परिचालन अब प्रयागराज रामबाग स्टेशन तक होगा। इससे मोतिहारी सहित रेलखंड के यात्रियों को यात्रा में सुविधा होगी।