वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल के दोनवर्ती गांवों समेत थारू आदिवासियों को अब खाट व बैलगाड़ी एंबुलेंस से मुक्ति मिलेगी। गंभीर रूप से बीमारों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाएगा। इससे उनकी जान बचेगी। इसके लिए वीटीआर प्रशासन विशेष रूप से तैयार दो हाईटेक एंबुलेंस खरीद रहा है। यह एंबुलेंस पथरीले व कच्चे रास्ते पर भी आसानी से चलकर मरीजों को अस्पताल पहुंचाएगी। फरवरी में दोनों एंबुलेंस आदिवासियों के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। ऐसा होने पर पहली बार दोनवर्ती क्षेत्र में एंबुलेंस सेवा आदिवासियों को मिलने लगेगी। वन प्रमंडल-1 व दो के दोनवर्ती गांवों से सटे वनक्षेत्रों में यह एंबुलेंस सेवा देगी। वन प्रमंडल-1 व दो के नौरंगिया दोन, गर्दी दोन, बनकटवा दोन, गोबरहिया दोन, पिपरा दोन आदि गांवों के लोगों में इससे खुशी की लहर है। वन प्रमंडल-1 के डीएफओ प्रदुम्न गौरव ने बताया कि विशेष रूप से तैयार दो हाईटेक एंबुलेंस का ऑर्डर दिया जा चुका है। फरवरी में दोनों एंबुलेंस दोन क्षेत्र के लोगों को सौंप दी जाएगी। फिलहाल इस पर शुल्क लगेगा या नहीं यह तय नहीं हुआ है। यदि शुल्क लगाया भी जाएगा तो वह सबके पहुंच में होगा।
