जिले के 54 केद्रों पर संचालित इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को कदाचार के आरोप में एक परीक्षार्थी निष्कासित हुआ।एकमात्र निष्कासन सदर अनुमंडल के राजाराम उच्च विद्यालय तुरकौलिया परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में हुआ। इसके अलावे अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही। दूसरे दिन प्रथम पाली में 15569 में 15376 उपस्थित हुए। जबकि 193 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। वहीं, द्वितीय पाली में 35527 में 35035 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। जबकि 492 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में भौतिकी व द्वितीय पाली में कला के अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। पूरी तरह जांच के बाद ही परीक्षा में मिल रहा था प्रवेश कदाचार को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पूरी व्यवस्था की गयी थी। सभी केंद्रों पर पूरी फ्रिस्किंग के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश मिल रहा था। छात्राओं की जांच के लिए महिला कर्मियों को लगाया गया था। परीक्षा में जूता मोजा पहनकर जाने की अनुमति नहीं थी। भौतिकी को लेकर पहले था टेंशन, बाद में सब कुछ हो गया आसान परीक्षा देकर निकल रहे परीक्षार्थी एक-दूसरे से परीक्षा की चर्चा करने में मशगूल थे। शहर के एसकेएस वीमेंस कॉलेज परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर निकल रहे परीक्षार्थी संजय कुमार के अनुसार, कुल 70 अंक के प्रश्न आये थे। ऑब्जेक्टिव प्रश्न 70 थे। जिसमें से 35 का जवाब देना था। उनके अनुसार प्रश्न आसान थे। पहले तो थोड़ा टेंशन था, लेकिन प्रश्न देखने के बाद जवाब देने में कोई परेशानी नहीं हुई। इसी प्रकार परीक्षार्थी राधेश्याम के अनुसार, पेपर अच्छा गया है। तैयारी भी पूरी की थी। इधर, परीक्षार्थी रानी जायसवाल के अनुसार पहले तो थोड़ी घबराहट हो रही थी। लेकिन प्रश्न मिलने के बाद घबराहट दूर हो गयी। जवाब देने में कोई समस्या नहीं हुई।
